शिक्षकों को दिया निपुण भारत मिशन का प्रशिक्षण
धामपुर। ब्लॉक संसाधन केंद्र पर निपुण भारत मिशन के तहत शिक्षकों को प्रशिक्षण देकर पारंगत किया जा रहा है। प्रशिक्षकों ने बताया कि निपुण भारत मिशन भारत सरकार का महत्वाकांक्षी अभियान है। यह 22 सप्ताह का कार्यक्रम है। शिक्षकों को निर्धारित कार्यक्रम के तहत कालांश के हिसाब से प्रतिदिन बच्चों को पढ़ाना है।
बीआरसी केंद्र पर बीईओ नगेंद्र सिंह के निर्देशन में चल रहे प्रशिक्षण में शुक्रवार को 90 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। इसके अंतर्गत बेसिक शिक्षा में प्रत्येक कक्षा के पठन के लक्ष्य को निर्धारित किया गया है। अब कोई भी शिक्षक मनमाने तौर पर बच्चों को नहीं पढ़ा सकेगा। इसके लिए शेड्यूल निर्धारित कर दिया गया है। मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए 22 सप्ताह का समय दिया गया है। प्रत्येक सप्ताह पढ़ाने का प्लान भी सरकार द्वारा निर्धारित किया गया है। एआरपी हिमांशु रजावत, राजीव कुमार, अंकित राणा, नीरज कुमार और नवनीत कुमार ने शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण की निगरानी प्रयागराज के सीमेट संस्थान द्वारा कैमरा वॉइस रिकॉर्डर के द्वारा की जा रही है। बेसिक शिक्षा विभाग में अल्हैपुर ब्लॉक में 640 शिक्षक हैं। प्रशिक्षण 23 अगस्त से लगातार चल रहा है। प्रत्येक प्रतिभागी का चार चार दिवसीय प्रशिक्षण होना है। अब तक 450 अध्यापक प्रशिक्षण ले चुके हैं।