नहटौर। नगर के मोहल्ला हाथी वाला मंदिर निवासी नवविवाहिता मिनाक्षी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार मनु की शादी 21 फरवरी को संभल जनपद के हयातनगर निवासी मिनाक्षी पुत्री राजू से हुई थी। पति मनु ने बताया कि शादी के बाद से ही मिनाक्षी की तबीयत खराब रहती थी। उसे टीबी की बीमारी थी, जिसका हाल ही में उपचार शुरू कराया गया था। वृहस्पतिवार को अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। चिकित्सक के पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपराध निरीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
====
खरगोश खिलाते समय बिगड़ी हालत
मनु ने बताया कि बुधवार को मिनाक्षी ने खरगोश लाने की बात कही थी। इस पर वह दो खरगोश लेकर आया था। वृहस्पतिवार को खरगोशों को खिलाते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।
====
शादी समारोह में हुई थी दोनों की मुलाकात
मनु और मिनाक्षी का प्रेम विवाह हुआ था। मनु के अनुसार दोनों की मुलाकात दढ़हाल में एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। बाद में परिजनों की सहमति से दोनों की शादी कर दी गई थी। मृतका के पिता राजू ने भी इसकी पुष्टि की।