कूड़ा निस्तारण में बर्दाश्त नहीं की जाएगी लापरवाही: डीएम
बिजनौर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कूड़ा निस्ताण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहरी कूड़ा निस्तारण का इस प्रकार प्रबंधन किया जाए कि वह आमदनी का स्रोत बने और उसका प्रयोग जनसामान्य सुविधाओं के लिए किया जा सके। नगर निकाय क्षेत्र में सड़कों के किनारे कूड़ा नजर नहीं आना चाहिए। सड़क के किनारे कूड़ा मिलने पर संबंधित अधिशासी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा कलक्ट्रेट सभागार में सभी एसडीएम एवं नगर पालिकाओं तथा नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों की बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कूड़ा निस्तारण नगर निकायों के महत्वपूर्ण कार्यों में से एक है। नालों की सफाई कूड़े का निस्तारण किया जाना बहुत ही जरूरी है, जिससे कोरोना काल में किसी भी प्रकार की संक्रामक बीमारी को फैलने से रोका जा सके। निर्देश दिए कि जिन नालों की अभी तक सफाई नहीं हुई है, उनसे तत्काल ही कीचड़ को निकलवाकर डंपिंग स्थल पर पहुंचाए। प्रतिदिन नगर क्षेत्रों में फॉगिंग तथा एंटी लार्वा साइड का छिड़काव भी कराएं। उन्होंने सभी ईओ को सचेत किया कि नगर पालिका को उपलब्ध होने वाली धनराशि का पूरी तरह सदुपयोग करें और कोई भी ऐसी वस्तु न खरीदें जो प्रयोग में न लाई जा सके।