राष्ट्रीय वेबिनार में रिसर्च के तौर-तरीके बताए
बिजनौर। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रभावी अनुसंधान पत्र लेखन पर राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार को एमएचआरडी की टीईक्यूआईपी योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। वेबिनार में देश के विभिन्न राज्यों के संकाय सदस्यों, रिसर्च स्कॉलर, उद्योग के व्यक्तियों एवं छात्रों ने प्रतिभाग किया।
कॉलेज के डायरेक्टर बीके त्रिपाठी ने प्रतिभागियों को रिसर्च पेपर राइटिंग के तरीके बताते हुए कहा कि प्रभावी अनुसंधान पत्र लेखन के लिए उस विषय पर सही शोध अति आवश्यक है। मुख्य अतिथि इसरो के पूर्व इंजीनियर प्रोफेसर एन सुंदरराजन रहे। उन्होंने 1972 से 1991 तक इसरो में काम किया और महान वैज्ञानिक तथा पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के साथ विभिन्न प्रोजेक्ट में उनकी टीम का हिस्सा रहे। प्रोफेसर एन सुंदरराजन ने अपने 50 वर्ष के अनुभव और ज्ञान को सभी प्रतिभगियों के साथ साझा किया और प्रभावी रूप से रिसर्च कार्य करने के सहज तरीकों से अवगत कराया। कार्यक्रम की व्यवस्था विभागाध्यक्ष ईशान भारद्वाज द्वारा की गई। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक, कुलसचिव, टीईक्यूआईपी समन्वयक सहित सभी विभागाध्यक्षों ने हिस्सा लिया।