राष्ट्रीय खिलाड़ी के पिता ने सीबीआई जांच की मांग की
बिजनौर। राष्ट्रीय स्तर की खो-खो खिलाड़ी की हत्या के मामले में परिजनों ने पुलिस के खुलासे से असंतुष्टि जताई है। उन्होंने मामले में एक से ज्यादा लोगों के शामिल होने की बात कही है। परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए राज्यपाल से मामले में सीबीआई या सीबीसीआईडी जांच की मांग की है। इस संबंध में डीएम व एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की है।
खो खो खिलाड़ी के पिता ने राज्यपाल को प्रेषित पत्र में कहा कि दस सितंबर को उनकी बेटी स्कूल से वापस घर आ रही थी। रेलवे स्टेशन के पास उसे कुछ दरिंदों ने दुष्कर्म का प्रयास करते हुए उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पोस्टमार्टम करा दिया। इस मामले की जांच सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता कर रहे हैं। पुलिस ने 14 सितंबर को शहजाद उर्फ खादिम को गिरफ्तार किया। परिजनों के अनुसार घटना में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है, जिसका खुलासा पुलिस द्वारा नहीं किया जा रहा है। इस वजह से परिवार के लोगों को विवेचना के स्तर पर न्याय मिलना प्रतीत नहीं हो रहा है।
कहा कि वे स्थानीय पुलिस की विवेचना से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसा लग रहा है पुलिस अन्य दोषियों से किनारा कर रही है या उन्हें गिरफ़्तार करने का साहस नहीं जुटा पा रही है। वह स्थानीय पुलिस की विवेचना से संतुष्ट न होने की वजह से न्याय का गला घुट रहा है और असली दोषी का पर्दाफाश नहीं हो पा रहा है। उन्होंने मामले की विवेचना सीबीआई या सीबीसीआईडी से कराने की मांग की है।