नजीबाबाद केंद्र जुलाई से शुरू करेगा नियमित प्रसारण
नजीबाबाद। आकाशवाणी का नजीबाबाद केंद्र जुलाई से प्रसारण सामान्य करेगा। केंद्र की तीनों नियमित प्रसारण सभाएं एक जुलाई से शुरू होंगी।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के प्रभावी होने के बाद प्रसार भारती के निर्देश पर प्रदेश के अन्य केंद्रों के साथ आकाशवाणी नजीबाबाद केंद्र ने 20 अप्रैल 2021 से प्रात:कालीन और सायं कालीन प्रसारण सभाएं रद्द कर दी थीं। इस दौरान केंद्र आकाशवाणी लखनऊ केंद्र के प्रसारण नजीबाबाद केंद्र से रिले कर रहा था।
आकाशवाणी नजीबाबाद केंद्र से 20 अप्रैल से प्रात: 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक प्रसारित दूसरी सभा के प्रसारण किए जा रहे थे। केंद्र ने अधिकारियों और कार्यालय कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम नीति अपनाई थी। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर सामान्य होने के बाद आसपास के आकाशवाणी केंद्रों ने 15 जून 2021 से अपनी प्रसारण सभाएं नियमित कर दी थीं। आकाशवाणी नजीबाबाद केंद्र ने एक जुलाई 2021 से अपनी तीनों प्रसारण सभाएं नियमित करने का निर्णय लिया है। केंद्र ने नियमित प्रसारण सभा की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।