बिजनौर में रामलीला सेवा समिति के तत्वावधान में रामबारात धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल झांकियों ने सभी का मन मोह लिया।
शोभायात्रा का उद्घाटन विधायक ओम कुमार व रूचि वीरा, नहटौर के चेयरमैन रशीद अहमद छिद्दू, एसपी सिटी एमएम बेग ने फीता काटकर व राम दरबार की आरती कर किया। शोभायात्रा में शामिल अखाड़ों में युवक तलवारों, भालों से अनेक करतब करते हुए चल रहे थे। उनके पीछे धर्म ध्वजा थी। शोभायात्रा में भगवान गणेश, राम दरबार, राधा-कृष्ण, खाटू श्याम जी, साईं बाबा, कर्ण-अर्जुन युद्ध, वैष्णव दरबार, शिव परिवार, पंचमुखी हनुमान, भगवान शंकर, हनुमान जी के हाथ पर विराजमान राधा-कृष्ण, मां काली नृत्य, राजस्थानी नृत्य, नाव में भगवान राधा-कृष्ण आदि की झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। शहीद ए आजम सरदार भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद की झांकी ने भी सभी का ध्यान खींचा। शोभायात्रा में शामिल बैंडों पर भक्ति गीतों के अलावा देशभक्ति गीत भी बजते रहे। शोभायात्रा के अंत में शामिल भगवान राम दरबार की श्रद्धालुओं ने आरती करते हुए प्रसाद ग्रहण किया। शोभायात्रा मोहल्ला खत्रियान, ब्रह्मनान, होते हुए रम्मू के चौराहे पर पहुंची। वहां से शोभायात्रा मुख्य बाजार होते हुए शास्त्री चौक पर जाकर संपन्न होगी।
नगर पालिका चौक पर राम और लीला विवाह का मंचन होगा। शोभायात्रा का नेतृत्व समिति संरक्षक शरद गहलौत, अध्यक्ष अचल अग्रवाल, जिला बार के पूर्व अध्यक्ष एसके बबली, राहुल शर्मा, संजय गुप्ता, राजेंद्र गौतम, विनीत अग्रवाल, संदीप चौधरी आदि ने किया।