पुलिस से नहीं, कोरोना से बचने की आदत डालिए
बिजनौर। बढ़ते कोरोना के प्रकोप के बीच मास्क को लेकर पुलिस की सख्ती बढ़ी तो बाजार हो या सड़क हर तरफ अधिकांश लोग मास्क में नजर आने लगे हैं। अब कोरोना का डर कहें या पुलिस का, लोग मास्क में दिख तो रहे हैं, लेकिन इस बीच ऐसी लापरवाही कर रहे हैं, जो मासूमों पर भारी पड़ सकती है। लोग खुद मास्क लगाकर भले ही निकल रहे हों, लेकिन मासूमों को मास्क लगाना भूल रहे हैं। ऐसे में वे अपने मासूमों को संकट में डाल रहे हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो दर्जनों की संख्या में बच्चे भी कोरोना संक्रमण का शिकार हो रहे हैं।
बच्चों से ज्यादा लोगों को फैलने का खतरा
विशेषज्ञों की माने तो बड़ों के मुकाबले यदि बच्चे संक्रमित होते हैं तो वे ज्यादा लोगों तक संक्रमण फैलाएंगे। इसका एक बड़ा कारण यह है कि वह परिवार में सभी के साथ घुलते मिलते हैं। इसलिए ज्यादा संक्रमण फैलता है। बच्चों को संक्रमण से बचाना चाहिए।
रोगप्रतिरोधक क्षमता कमजोर हुई तो परेशानी होगी
छोटे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। ऐसे में यदि उन्हें संक्रमण लगा तो नुकसान होने की आशंका ज्यादा रहती है। चिकित्सक कहते हैं कि इस समय बच्चों को बाहर ले जाते समय मास्क जरूर लगाएं, ताकि संक्रमण से बचाया जा सके।
खानपान का रखे खयाल: डॉ.दीपेंद्र
शहर के जाने माने बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.दीपेंद्र कहते हैं कि इस समय बच्चों के खानपान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। कुपोषण रोगप्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करने का सबसे बड़ा कारण है। उनके खानपान का विशेष ध्यान रखें।