संवाद न्यूज एजेंसी
नूरपुर । गांव तंगरौली के प्राथमिक विद्यालय के मुख्य अध्यापक पवन यादव (48) की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। उनका शव घर के बाथरुम में पड़ा मिला। पुलिस को शराब की खाली बोतल और चाकू बरामद हुआ है। परिजनों ने दो लोगों पर हत्या करने का शक जताया है। एएसपी देहात ने घटनास्थल का मुआयना किया।
गांव धौलागढ़ निवासी पवन यादव का परिवार बुधवार की शाम वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुरादाबाद गया था। पवन कुमार घर में अकेले ही थे। परिजन उन्हें बार-बार फोन कर उनकी कुशल जानने की कोशिश कर रहे थे। मगर, उनका फोन रिसीव ही नहीं हो पाया।
इसके बाद बेटे अभिषेक ने घर आए तो लहूलुहान अवस्था में पिता को बाथरूम में पड़ा पाया। आनन फानन निजी अस्पताल पहुंचा गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी देहात राम अर्ज, सीओ राजेश सोलंकी भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और मामले की जांच की। एसओजी और फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सुबूत जुटाए।
एएसपी देहात ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस को शराब की खाली बोतल और चाकू बरामद हुआ है। पवन यादव के सिर पर चोट के निशान हैं, जिससे हत्या प्रतीत हो रही है।
उन्होंने बताया कि परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते दो लोगों पर शक जताया है। पुलिस मामले से जुड़े कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।