बिजनौर में मेला घूमने गए किशोर का शव नग्न हालत में गंगा खादर में पड़ा मिला। किशोर के साथ कुकर्म कर हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी गई है। एसपी ने मामले के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव दारानगर निवासी 13 वर्षीय किशोर बुधवार की शाम 7:00 बजे घर से मेले में घूमने के लिए गया। देर रात तक नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू कर दी। मोहल्ले वालों ने भी मिलकर किशोर को तलाश किया। गुरुवार सुबह लापता किशोर का शव विदुर कुटी गांव के पास गंगा खादर में वन विभाग की जमीन में नग्न अवस्था में पड़ा मिला। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे और मुंह से झाग निकल रहे थे। शव के पास ही दो जोड़ी चप्पल पड़ी मिलीं।
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। एसपी दिनेश सिंह, एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, सीओ अनिल कुमार और प्रभारी निरीक्षक रविंद्र वशिष्ठ ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।