बिजनौर में जैन फार्म में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या करने वाले एमआर अमित का फाइल फोटो।
बिजनौर। पत्नी से अनबन होने के बाद वह मायके नहीं आई। इस पर दवाई कंपनी का एमआर अमित कुमार (32) ने पेड़ पर फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। पीड़िता मां ने मृतक की पत्नी के चरित्र पर आरोप लगाते हुए उसके मायके वालों पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
अमित कुमार पुत्र स्व. विनोद वर्मा मोहल्ला नई बस्ती में किराये पर रहता था। उसका भरत विहार कॉलोनी में भी मकान है, जिसमें अभी उसने रहना शुरू नहीं किया था। वह एक दवाई कंपनी में एमआर था। मृतक की मां निर्मला ने बताया गया कि तीन दिन पहले झगड़ा होने के कारण उसकी पत्नी मायके चली गई थी। पत्नी को घर लाने के लिए बुधवार को अमित ससुराल गया लेकिन पत्नी नहीं आई। शाम को अमित घर आया और इसके बाद नुमाइश में जाने के लिए निकला। इसके बाद वह वापस नहीं आया और उसका शव जैन बाग में आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे पर लटका मिला। निर्मला वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि अमित का अपनी पत्नी से डेढ़ साल से विवाद चल रहा था, शिकायत करने पर मायके वाले भी उसे ही आरोपी ठहराते थे। झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते और डराते थे। तहरीर में पत्नी के चरित्र पर भी आरोप लगाए गए है।
एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक ने आत्महत्या की है। तहरीर में आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।