Devotees bathe the statue of Mr. Ji.
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर में दिगंबर जैन समाज के बैनरतले तीर्थंकर भगवान महावीर जी की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। श्रद्धालुओं ने नगर में रथयात्रा निकाली। रथयात्रा के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
मंगलवार को रथयात्रा जैन मंदिर से प्रारंभ हुई। रथयात्रा में मानस स्तंभ के रूप में धर्मध्वज मौजूद था। चार व्यक्ति जैन धर्म के पवित्र ग्रंथ जिनवाणी को पालकी में लेकर चल रहे थे। इनके पीछे महिलाएं भजन करती हुईं चल रही थीं।
श्रद्धालु तेज धूप में नंगे पैर विशाल रथ को हाथों से खींचते हुए चल रहे थे। रथ में अरंजय जैन भगवान महावीर की प्रतिमा को लेकर बैठे थे। सारथी के रूप में मुकुल जैन एडवोकेट व कुबेर के रूप में नरेशचंद जैन, इंद्र के रूप में अर्पित जैन विराजमान थे।
रथयात्रा में श्रद्धालु भक्तिगीतों पर झूमते चल रहे थे। महिलाएं डांडिया करती चल रही थीं। रथयात्रा में बज रहे भक्तिगीतों ने नगर का माहौल भक्तिमय कर दिया। शोभायात्रा मुख्य बाजार, सिविल लाइंस होते हुए महावीर बाल विद्या मंदिर पहुंची।
वहां पर श्रीजी का जलाभिषेक कर पूजन किया गया। रथयात्रा फिर से जैन मंदिर पहुंची और श्रीजी की प्रतिमा को पूजा अर्चना के साथ वेदी पर प्रतिष्ठापित किया गया। इस दौरान दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष अशोक कुमार जैन, ब्रिजेश कुमार जैन, परल जैन, विनय जैन, राजीव जैन, रमेशचंद जैन, इंजीनियर एमसी जैन, राजीव जैन आदि मौजूद रहे।