धामपुर। नगीना लोकसभा क्षेत्र के स्योहारा और बरूकी क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही परिवहन समस्याओं को लेकर सांसद चंद्रशेखर आजाद ने प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को पत्र भेजा है। रोडवेज बस अड्डों के निर्माण, बसों के नियमित ठहराव की मांग की है।
सांसद ने कहा है कि स्योहारा क्षेत्र लगभग 80 हजार की आबादी वाला महत्वपूर्ण व्यापारिक, शैक्षणिक और सामाजिक केंद्र है, जिससे 50 से अधिक गांव जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद आज तक यहां रोडवेज बस अड्डे का निर्माण नहीं हो पाया है। क्षेत्र के लोगों को दिल्ली, मेरठ, बरेली, हरिद्वार, देहरादून, चंडीगढ़, लुधियाना और कानपुर जैसे प्रमुख शहरों के लिए यात्रा करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरूकी क्षेत्र के 20 से 25 गांवों के हजारों ग्रामीण भी वर्षों से बस अड्डे की मांग कर रहे हैं। वर्तमान में यात्रियों को ओवरब्रिज पर खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।
सांसद ने परिवहन मंत्री से मांग की है कि स्योहारा में आधुनिक रोडवेज बस अड्डे का निर्माण कराया जाए। बरूकी क्षेत्र में स्थायी बस स्टैंड स्थापित किया जाए। इसके अलावा दोनों स्थानों पर लंबी दूरी की रोडवेज बसों का नियमित ठहराव सुनिश्चित करने, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, यात्रियों की सुरक्षा के लिए सुरक्षित बस स्टॉप विकसित करने की भी मांग की है।