बकाया गन्ना मूल्य भुगतान न होने पर 17 को आंदोलन
धामपुर। भाकियू (लोक शक्ति) कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को तहसील में बैठक की। सरकार से जल्द बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल मांगा। चेताया कि उनकी मांग को जल्द पूरा नहीं किया गया तो 17 नवंबर को आंदोलन होगा।
कार्यकर्ताओं ने गन्ना आयुक्त को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार परमानंद श्रीवास्तव को सौंपा। मांग की है कि पिछले सत्र के गन्ने का भुगतान अभी तक नहीं मिला है। जिससे किसानों में भारी आक्रोश है। 2020-21 के लिए कोई गन्ना मूल्य निर्धारित नहीं किया गया है। गन्ना सप्लाई पर्चियों द्वारा न होने पर किसान परेशान हैं। किसानों को पर्चियां विगत वर्षों की तरह समिति से छपी हुई उपलब्ध कराई जाएं। अन्यथा किसान 17 नवंबर से धरना प्रदर्शन करेंगे। ज्ञापन देने वालों में घनश्याम सिंह, राजेंद्र सिंह, विजयपाल सिंह, नरेश कुमार, भूपेंद्र सिंह, लोकेंद्र पाल, आदित्य वीर, जयपाल सिंह रहे।