-कार्तिक गंगा स्नान मेले में सात दिन तक भारी वाहनों की नो एंट्री, रूट डायवर्जन लागू
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। विदुर कुटी के पास लगने वाले गंगा स्नान मेले को लेकर पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान बनाया है। इसी क्रम में आज बुधवार से 25 नवंबर तक बिजनौर-चांदपुर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी रहेगी।
24 नवंबर को कार्तिक गंगा स्नान पर्व के अवसर पर मुख्य स्नान होगा। मेला शुरू होने से करीब एक सप्ताह पहले ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा अमरोहा जनपद में गंगा किनारे लगने वाले तिगरी मेले को देखते हुए भी यातायात पुलिस ने यह व्यवस्था लागू की है।
यातायात निरीक्षक रवि नैन ने बताया कि बिजनौर शहर से दारानगर गंज होते हुए चांदपुर जाने वाले सभी भारी वाहन कृष्णा कॉलेज तिराहा से अम्हेड़ा तिराहा होते हुए चांदपुर जाएंगे। वापसी भी इसी मार्ग से होगी।
वहीं चांदपुर से धनौरा, गजरौला और बृजघाट की ओर जाने वाले भारी वाहन चौधरी चरण सिंह चौक से अम्हेड़ा तिराहा होते हुए बिजनौर और मेरठ की ओर भेजे जाएंगे।
इसी तरह नूरपुर से चांदपुर और नौगावां सादात होते हुए अमरोहा, गजरौला और बृजघाट जाने वाले भारी वाहनों को नूरपुर के शहीद तिराहे से बिजनौर होते हुए मेरठ की ओर निकाला जाएगा।
पुलिस ने वाहन चालकों और आमजन से निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करने की अपील की है। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है, ताकि मेले के दौरान जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।