कार्यालय पर बीएसए की बुद्धि-शुद्धि के लिए हवन करतेे शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में बीएसए महेशचंद्र द्वारा एक शिक्षिका से अभद्र व्यवहार को लेकर शिक्षक आंदोलन की राह पर है। सोमवार को शिक्षक संगठनों ने बीएसए कार्यालय पर बीएसए के लिए बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया और बीएसए से वार्ता करने को कहा है। शिक्षकों के आंदोलन को देखते हुए ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल के स्कूलों की क्रीड़ा प्रतियोगिता दो दिन के लिए हटा दी गई है।
शुक्रवार को बीएसए द्वारा प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर पिरथी में बीएसए ने स्कूल का निरीक्षण किया था। स्कूल की मुख्य अध्यापिका लता रानी ने बीएसए पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। सोमवार को आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांतीय प्रभारी सौरभ चौधरी के नेतृत्व में बीएसए कार्यालय पर बीएसए की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ किया। वक्ताओं ने कहा कि मामले का जल्द निस्तारण नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर उप्र जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुधीर यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नागेश कुमार, उप्र प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के प्रभारी सुजीत तोमर व जिलाध्यक्ष अहतेश्याम आदि ने कहा कि जब तक मामले का निस्तारण नहीं होता आंदोलन जारी रहेगा। मंगलवार को भी शिक्षकों से बीएसए कार्यालय पहुंचने का आह्वान किया है। दूसरी ओर, शिक्षकों के आंदोलन को देखते हुए ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल की 27 सितंबर से प्रस्तावित खेल प्रतियोगिता दो दिन के लिए हटा दी है। ब्लॉक के सहखेल प्रभारी सौरभ चौधरी ने बताया कि खेल कराने का निर्णय भी बाद में लिया जाएगा।