दोस्त के पास पास के गांव जा रहा था आलमपुर निवासी व्यक्ति
सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
किरतपुर। थाना क्षेत्र के गांव आलमपुर उर्फ आलोपुर में सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार अरविंद (47) पुत्र राम सिंह की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
गांव आलमपुर उर्फ आलोपुर निवासी अरविंद (47) पुत्र राम सिंह अपने साथी गौरी शंकर निवासी जलालाबाद के साथ बाइक से किसी कार्य से पास के गांव उमरी जा रहे थे। दोनों गांव के मुख्य चौराहे पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरतपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने अरविंद की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल गौरी शंकर का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। थाना पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-
अज्ञात वाहन की टक्कर से दंपती घायल
नहटौर। नवादा चौहान निवासी जय सिंह (58) पुत्र राम सिंह अपनी पत्नी ऊषा (55) को साथ लेकर किसी काम से नहटौर आए थे। देर शाम लौटते वक्त गांव रुगड़ी के निकट उनकी साइकिल में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में पति-पत्नी घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने प्राइवेट एबुंलेस की मदद से उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।