प्रधानमंत्री की सभा में पहुंचेंगे दस हजार से अधिक लोग : कटारिया
बिजनौर। वर्धमान कॉलेज के मैदान में होने वाली पीएम मोदी की जनसभा में दस हजार से अधिक लोगों की भीड़ रहेगी। यह बात प्रेस वार्ता के दौरान परिवहन राज्यमंत्री अशोक कटारिया ने कही। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।
कहा कि चुनाव आयोग ने पहले एक हजार लोगों तक की जनसभा की अनुमति दी थी, जिसे अब बढ़ा दिया गया है। बिजनौर में होने वाली जनसभा में दस से पंद्रह हजार लोगों की भीड़ रहेगी। पीएम मोदी यहां संबोधित करेंगे, जिसे वर्चुअल तरीके से मुरादाबाद और मेरठ आदि के जिलों में दिखाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की फिर से सरकार बन रही है। जिले में आठों विधानसभा पर भाजपा के प्रत्याशी ही जीतेंगे। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों के बारे में भी बताया। कहा कि योगी सरकार में गुंडों माफिया प्रदेश छोड़ गए हैं या फिर जेल चले गए हैं। उन्होंने गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि गठबंधन लोगों को बरगलाने का काम कर रहा हैै लेकिन, जनता उनके झांसे में नहीं आएगी।