जिले में पहुंचा मानसून, बारिश के आसार
बिजनौर। जिले में मानसून पहुंच चुका है। अगले एक दो दिन में जोरदार बारिश होने का अनुमान है। शुक्रवार रात भी करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश से मौसम में गर्मी से राहत मिली है।
शुक्रवार रात नौ बजे से ही बादल छाने शुरू हो गए थे। साथ ही ठंडी हवा के झोंकों ने मौसम को खुशगवार कर रखा था। रात करीब डेढ़ बजे हवा के झोंकों के साथ बारिश की फुहारें भी शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। पिछले दो दिन में तीन बार थोड़ी थोड़ी बारिश हो चुकी है। बारिश से फसलों की एक सिंचाई की व्यवस्था हो गई है। सुबह जब किसान खेतों में गए तो खेतों में कहीं कहीं पर पानी भरा हुआ था। मानसून की आवक को देखते हुए किसानों ने खेतों में धान लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। किसान नर्सरी पहले ही तैयार कर चुके थे। अब खेतों की जुताई शुरू करा दी गई है। जल्दी ही खेतों में धान रोप दिया जाएगा। अगले तीन चार दिन तक जोरदार बारिश होने का अनुमान है। बारिश और दिन भर बादल छाए रहने की वजह से शनिवार को गर्मी से राहत मिली। नगीना स्थित मौसम वेधशाला के प्रेक्षक सतीश कुमार का कहना है कि मानसून जिले में आ गया है। अभी हल्की ही बारिश हुई है। एक दो दिन में अच्छी बारिश होने के आसार बने हुए हैं।