बिजनौर। युद्ध की स्थिति में हवाई हमले से बचने के लिए बुधवार को जिलेभर में मॉक ड्रिल का आयोजन होगा।
जनपद में मॉक ड्रिल का सुबह 11 बजे एक साथ इमरजेंसी सायरन बजेगा। अधिकारी लोगों को हवाई हमले से बचने के लिए टिप्स देंगे। आपात स्थिति में आम लोगों को क्या क्या करना है के बारे में बताया जाएगा।
मॉक ड्रिल के संबंध में जिलाधिकारी, एसपी ने अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बुधवार को बिजनौर शहर में सुबह 11 बजे एसआरएस मॉल पर, रिफाइनरी, रोडवेज बस स्टैंड, बांध, रेलवे स्टेशन आदि महत्वपूर्ण स्थानों पर मॉक ड्रिल का आयोजन होगा।
मॉक ड्रिल की तैयारियों का लिया जायजा : जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में शाम को कलक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में दुश्मन द्वारा हवाई हमले से सुरक्षित रखने के लिए बुधवार होने वाली मॉक ड्रिल की तैयारियों का जायजा लिया गया। उन्होंने बताया कि हवाई हमले से अपने क्षेत्र के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, अस्पतालों में 11 बजे मॉक ड्रिल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
पहले से सशक्त और आधुनिक हथियार हमारे पास : पूर्व सैनिक केशव सिंह ने बताया कि आज भारत सशक्त व आधुनिक हथियार, लड़ाकू विमान, आधुनिक तोप, मिसाइल है। कहा कि पहले की अपेक्षा वर्तमान में भारत ने अपने रक्षा क्षेत्र में काफी प्रगति की है। हम जमीन से लेकर आकाश से हर जगह मुंहतोड़ जवाब देने में सशक्त है।
पूर्व सैनिक प्रभात कुमार ने बताया कि भारत के पास मिसाइलें, वायु आधारित हथियार और समुद्र आधारित बैलिस्टिक मिसाइलें है। आधुनिक स्वदेशी हथियार से भी भारत विकसित है। हम दुश्मन को हर क्षेत्र से सबक सिखाने में सशक्त हैं।