अभी आइसोलशन में ही रहेंगी विधायक सुचि मौसम चौधरी
बिजनौर। स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह को कोरोना न होने की पुष्टि के बाद भाजपा विधायक सुचि मौसम चौधरी व उनके समर्थकों ने राहत की सांस ली है। हालांकि वह अब भी अपने पति व एश्वर्य चौधरी व बच्चों के साथ जनता कर्फ्यू की अवधि तक आइसोलेशन में ही रहेंगी।
भाजपा विधायक सुचि मौसम चौधरी व उनके पति एश्वर्य चौधरी 18 मार्च को लखनऊ में स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह से मिले थे और समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने मंत्री को ज्ञापन दिया था। शुक्रवार को मंत्री जयप्रताप सिंह के गायिका कनिका कपूर की पार्टी में शामिल होने का पता चला था। इसके बाद मंत्री भी आइसोलेशन में चले गए थे। कनिका कपूर के कोरोना वायरस से पीड़ित होने का पता चलने पर विधायक सुचि मौसम चौधरी, उनके पति एश्वर्य चौधरी, बेटे गुरलीन व बेटे शैलजा ने खुद को घर में आइसोलेट कर लिया था।
शनिवार को पता चला कि स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह को कोरोना नहीं है। इसका पता चलने पर विधायक के परिवार व समर्थकों ने राहत की सांस ली। लेकिन अभी वे सतर्कता के मद्देनजर आइसोलेशन में ही रहेंगे। विधायक सुचि मौसम चौधरी ने जनता से कोरोना वायरस को हराने के लिए सभी रविवार को घर में रहने की अपील की है। कहा कि जनता कर्फ्यू से ही कोरोना के प्रसार को रोका जा सकता है।