विधायक ने दिए मुआवजा के चेक
बिजनौर। भाजपा विधायक सुचि चौधरी एवं उनके पति ऐश्वर्य चौधरी ने उपद्रव में तोड़फोड़ से जिन लोगों को नुकसान हुआ उन्हें चेक वितरित किए। साथ ही शेष नुकसान की भरपाई के लिए सरकार से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में 20 दिसंबर को जुमे की नमाज के बाद उपद्रवियों ने सिविल लाइन में जमकर उपद्रव किया था। उपद्रवियों ने दुकानों एवं वाहनों पर पथराव करते हुए जमकर तोड़फोड़ की थी। इससे दुकानदारों एवं राहगीरों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। भाजपा विधायक सुचि चौधरी एवं उनके पति ऐश्वर्य चौधरी ने नुकसान का एस्टीमेट बनवाया था। सोमवार को उन्होंने सिद्धार्थ मदान उर्फ सैंकी को 26 हजार 500 रुपये, धारा मोटर्स को 13805, विशाल शर्मा को दस हजार, अंबुज गर्ग को 12 हजार 540, दीपक दालवाले को साढ़े तीन हजार, सोमवीर को 3800, संदीप को 2400 रुपये के चेक वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मुआवजा भरपाई के लिए कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी जल्दी ही होगी। तोड़फोड़ के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।