बिगड़ती बिजली व्यवस्था पर गुस्साए विधायक
बिजनौर। बिगड़ती विद्युत व्यवस्था को लेकर पूर्व मंत्री व सपा विधायक स्वामी ओमवेश मंगलवार को ग्रामीणों के साथ विद्युत एसई से मिले। विधायक ने कहा कि शेड्यूल के अनुसार बिजली न मिलने पर किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहा है। उन्होंने एसई से बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार करने को कहा।
प्रदेश के पूर्व मंत्री व चांदपुर सीट से सपा विधायक स्वामी ओमवेश मंगलवार को आवास विकास स्थित सर्किल कार्यालय पहुंचे, वहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ विद्युत अधीक्षण अभियंता नंदलाल से वार्ता की। विधायक ने कहा कि उनके क्षेत्र व जनपद में बिजली व्यवस्था बेपटरी हो रही है। किसान वैसे ही महंगाई से परेशान है और पर्याप्त बिजली आपूर्ति न होने से किसान की फसलें सिंचाई के अभाव में सूखने के कगार पर है। डीजल के दाम भी आसमान छू रहे हैं। नहरों में पानी नहीं है। ऐसे में किसान गर्मी से सूख रही अपनी फसलों को बचाने में बेबस हो रहा है। उन्होंने शेड्यूल के अनुसार आपूर्ति देने को कहा। विधायक के साथ भानु प्रताप सिंह, चौधरी बलबीर सिंह, चौधरी भीम सिंह, चौधरी त्रिलोक सिंह, सुरेंद्र सिंह, बलबीर सिंह, घर्मेंद्र तोमर, संसार सिंह आदि ग्रामीण उपस्थित रहे।