बेगावाला-बिजनौर। तरीकमपुर रूपचंद उर्फ टिक्कोपुर निवासी उस्मान की 11 वर्षीय पुत्री शबनम बृहस्पतिवार की दोपहर से रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। वह गांव के मदरसे में कक्षा चार की छात्रा है। पुलिस ने शबनम को मुजफ्फरनगर में तलाशा तो वह अपनी सहेली के घर पर मिली।
बृहस्पतिवार की दोपहर टिक्कोपुर मदरसे में पढ़ने वाली कक्षा चार की छात्रा शबनम रहस्यमय ढंग से घर से लापता हो गई थी परिजनों ने उसको अपने और पड़ोसी गांव में बहुत तलाशा परंतु कोई सुराग नहीं मिला। रिश्तेदारों को सूचना मिली तो उन्होंने भी तलाश किया। पता नहीं चलने पर शुक्रवार को परिजन थाने पहुंचे और मुकदमा दर्ज कराया। बेगावाला चौकी प्रभारी के निर्देशन में पुलिस ने आसपास के गांव में कांबिंग की परंतु लड़की का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से उनके पूर्व निवास की जानकारी ली।
तो पुलिस के शक की सुई घूमी और शनिवार की सुबह बेगावाला पुलिस परिजनों के साथ मुजफ्फरनगर पहुंची तो लड़की अपनी सहेली के घर पर मिली। जब छात्रा से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि मेरे माता-पिता पहले यहीं पर रहते थे। छह माह पहले हम लोग टिक्कोंपुर गांव में चले गए। जहां पर मेरा मन नहीं लग रहा था। मेरे पास कुछ पैसे थे तो मैं घर से बिना बताए बस में बैठकर मुजफ्फरनगर आ गई। बेगावाला चौकी प्रभारी जितेंद्र गौतम ने बताया कि छात्रा को मुजफ्फरनगर से उसकी सहेली के घर से सकुशल बरामद कर वन स्टॉप केंद्र वालों को सौंप दिया गया है। कल कोर्ट में छात्रा के उसका बयान दर्ज होंगे।