नाबालिग लड़की की शादी रुकवाई
बिजनौर। बाल संरक्षण अधिकारी ने एक नाबालिग लड़की की शादी रुकवाई। लड़की की उम्र केवल 15 साल थी। उसे ये भी नहीं पता था कि उसकी शादी हो कहां और किससे रही है। लड़की के परिजनों से उसके 18 साल की होने जाने के बाद ही शादी करने को कहा गया है। इस संबंध में लिखित में लिया गया है।
नजीबाबाद के गांव नयामतपुर जटपुरा बौंडा निवासी एक लड़की की शादी की सूचना जिला प्रोबेशन कार्यालय में बाल संरक्षण अधिकारी रूबी गुप्ता को मिली। वे चाइल्ड लाइन सदस्य आकाश व थाना मंडावली के दरोगा हरि सिंह के साथ रविवार को गांव पहुंची। गांव में पता चला कि 15 साल की एक लड़की की शादी सोमवार को है। उन्होंने लड़की के परिजनों से बात की। गांव के स्कूल से रिकॉर्ड चेक कराया तो लड़की की जन्मतिथि एक जुलाई 2005 अंकित थी। वह कक्षा आठ तक पढ़ी थी। आधार कार्ड में भी यही तिथि अंकित मिली। लड़की के परिजनों ने कहा कि वे दहेज में डेढ़ लाख की नगदी, बाइक व अन्य सामान दे चुके हैं। इस पर उन्हें चेतावनी देकर कहा गया कि नाबालिग की शादी कराना अपराध है। उन्हें सजा होगी। लड़की से बात की गई तो उसे यह भी पता नहीं था कि उसकी शादी किससे और कहां हो रही है। बाल संरक्षण अधिकारी रूबी गुप्ता के अनुसार उन्होंने लड़की से बात की और उसे कम उम्र में शादी के नुकसान के बारे में बताया। उसके परिजनों ने भी उसके बालिग होने तक शादी न करने के बारे में लिखित में दिया है। विभाग की टीम बीच बीच में गांव जाकर लड़की से बात करती रहेगी।