आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत प्रवासियों को मिलेगा खाद्यान
बिजनौर। डीएम रमाकांत पांडेय ने जिले के समस्त एसडीएम और जिला पूर्ति अधिकारी को सभी प्रवासियों को आत्मनिर्भर योजना के अंतर्गत निशुल्क खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जिन प्रवासियों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत खाद्यान्न वितरण नहीं किया जा सकता उन्हें आत्मनिर्भर भारत योजना के अंतर्गत पांच किलो खाद्यान्न तथा एक किलो चना प्रति व्यक्ति की दर से जून से लगातार निशुल्क वितरित कराया जाएगा। राशन से वंचित प्रवासियों को अस्थाई राशन कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे।
योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को चिह्नित करके उनकी सूची डीएम द्वारा गठित समिति के माध्यम से अनुमोदित की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी के अनुमोदन पर लाभार्थियों की सूची पूर्ति निरीक्षक द्वारा खाद्य विभाग के पोर्टल पर फीड कराई जाएगी। पोर्टल से जनरेट अस्थाई राशन कार्ड संख्या एसएमएस के माध्यम से लाभार्थी के मोबाइल नंबर पर उपलब्ध करा दी जाएगी। एक जून से 11 जून के बीच चयनित प्रवासियों को ई पॉस मशीनों के माध्यम से मोबाइल ओटीपी सत्यापन द्वारा निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सकेगा। लाभार्थी के पास मोबाइल उपलब्ध न होने की स्थिति में उचित दर विक्रेता या नामित नोडल अधिकारी का मोबाइल नंबर भी ई पॉस मशीन में फीड कर सत्यापन कराया जा सकता है।
डीएम ने बताया कि शासनादेश में बिना राशन कार्ड वाले प्रवासियों की सूची पूर्ति निरीक्षक के लॉगिन पर उपलब्ध कराने तथा ग्राम पंचायत की सतर्कता समिति को भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कोई भी प्रवासी अस्थाई राशन कार्ड से वंचित न रह सके।