नूरपुर। रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे नगर की थाना रोड स्थित शिव मंदिर के पास लगे वाटर कूलर में करंट फैलने से पानी पी रहे हल्दौर के मोहल्ला रईसान निवासी राजेंद्र सिंह उर्फ राजू (46) पुत्र रामलाल सैनी की मौत हो गई।
राजेंद्र सिंह उर्फ राजू नूरपुर बाजार में सब्जी के बीजों की फड़ लगाते थे। वे कभी कभार ही अपने घर जाते थे ज्यादातर नूरपुर में ही रहते थे। रविवार सुबह प्राचीन शिव मंदिर के पास लगे वाटर कूलर पर पानी पी रहे थे। अचानक वाटर कूलर में करंट फैल गया और उसकी चपेट में आकर राजेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने राजेंद्र को सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा देख पुलिस को सूचना दी।
घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित थाने में मौजूद थानाध्यक्ष प्रवेज कुमार ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सीएचसी में भिजवाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
यह वाटर कूलर नूरपुर विधायक रामौतार सैनी की निधि से लगाया गया था। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों और पत्नी को रोता बिलखता छोड़ गया। मृतक के बेटे सोमवीर की तहरीर पर मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। ा