सात पंचायतों से क्रमवार आंदोलन में शामिल होंगे किसान
नजीबाबाद/बड़िया। गाजीपुर बार्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में भाग लेने के लिए किसानों ने कमेटी गठित की है। बीरूवाला, मथुरापुरमोर, मोहम्मद अमिखानपुर, गुलालवाली सहित क्षेत्र की सात पंचायतों से क्रमवार किसान धरना प्रदर्शन में भाग लेने पहुंचेंगे।
गुरुद्वारा श्री सिंह सभा बड़िया के प्रधान सरदार गुरुदेव सिंह, ग्रंथी सरदार मंजीत सिंह की उपस्थिति में गुरुद्वारा परिसर में आंदोलन के समर्थन में क्षेत्रीय किसानों ने बैठक की। भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष सरदार इकबाल सिंह के नेतृत्व में आयोजित बैठक में क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायतों से क्रमवार 25-25 किसान पांच दिन के लिए गाजीपुर बार्डर पर भेजने का निर्णय लिया गया। सरदार सुखपाल सिंह की अध्यक्षता और डॉ. नरेंद्र पाल सिंह संधू के संचालन में आयोजित बैठक में लालकिले की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। तहसील अध्यक्ष सरदार इकबाल सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान हरप्रीत सिंह संधू, अवतार सिंह, साहब सिंह, निर्मल सिंह काला, सर्वजीत सिंह, गुरमीत सिंह, सुखपाल सिंह, गुरुदेव सिंह ने राकेश टिकैत और किसानों पर दर्ज रिपोर्ट दिल्ली सरकार से वापस लेने, किसानों का उत्पीड़न तत्काल बंद करने की मांग की। ग्राम पंचायतों बीरूवाला, मोहम्मद अमिखानपुर, मथुरापुरमोर, गुलालवाली, जगनवाला, कंडरावाली तथा आसपास के गांव से आए किसानों ने छह फरवरी को नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर मोटा महादेव मंदिर के पास हाईवे पर धरना एवं जाम प्रदर्शन में भाग लेने का निर्णय लिया। वहीं बड़िया गुरुद्वारे में आयोजित किसान पंचायत में क्षेत्र के दो किसानों ने किसान आंदोलन के दौरान लंगर की व्यवस्था के लिए 50-50 हजार रुपये व्यवस्था कमेटी को प्रदान किया।