मोबाइल नंबर बंद होने पर गैस एजेंसियों पर होगी कार्रवाई: डीएसओ
जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि लोगों की शिकायतों के अनुसार जिले में अधिकतम एलपीजी गैस एजेंसी कार्यालयों व उन पर कार्यरत कर्मचारियों के दूरभाष नंबर मिलाए जाने पर नहीं उठाए जाते हैं। गैस एजेंसी के प्रोप्राइटर व प्रबंधकों के मोबाइल नंबर भी अक्सर बंद पाए जाते हैं। इससे लोगों को एलपीजी सिलिंडर प्राप्त करने और अन्य जानकारी पाने में कठिनाई होती है।
वैश्विक परिस्थितियों के कारण पहले ही एलपीजी गैस कम होने की भ्रांति के कारण गैस पाने में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। गैस एजेंसियों से संपर्क नहीं होने के कारण लोगों में असंतोष व्याप्त है। डीएसओ ने कहा है कि गैस एजेंसियों से संबंधित नंबर बंद होने अथवा न उठाने पर यह समझा जाएगा कि गैस की कालाबाजारी में गैस एजेंसी संलिप्त है।
इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसलिए गैस एजेंसी से संबंधित नंबरों को कार्य दिवस में प्रत्येक अवस्था में कॉल रिसीव करके उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान किया जाए।