बिजनौर। मिजिल्स-रूबेला टीकाकरण से छूटे बच्चों को टीका लगाने के लिए विशेष सत्र लगाए जा रहे हैं। कोतवाली ब्लॉक में सत्र लगाकर छूटे बच्चों को टीका लगाया जाएगा। ब्लॉक में 1561 बच्चे मीजल्स-रूबेला का टीका लगने से छूट गए हैं।
मुख्यालय से कोतवाली ब्लॉक में मीजल्स-रूबेला का टीकाकरण करने के लिए विशेष सत्र लगाने के निर्देश दिए गए थे। जिसके चलते ब्लॉक में 25 नवंबर से छह दिसंबर कैचअप राउंड चलेगा। जिसमें 69 अतिरिक्त सत्र लगाकर टीकाकरण किया जाएगा। इस दौरान एक से पांच साल तक के ऐसे बच्चों को मिजिल्स-रूबेला काे टीका लगाया जाएगा, जिनका टीका लगने से छूट गया। कैचअप राउंड में आशा, एएनएम, सुपरवाइजर काम करेंगी। साथ ही लोगों को टीका लगवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता ने कहा कि कोतवाली ब्लॉक में ही सत्र लगाकर छूटे बच्चों को मिजिल्स-रूबेला का टीकाकरण शुरू कर दिया गया है। टीका लगवाने से बीमारियों से बचाव होता है। इसलिए अपने बच्चों को टीका जरूर लगवाएं।