नजीबाबाद के बाजार कल्लूगंज में किराना प्रतिष्ठान पर लगी भीषण आग।
- फोटो : NAZIBABAD
नजीबाबाद में किराना की दुकान में लगी भीषण आग
नजीबाबाद। बाजार कल्लूगंज में किराना प्रतिष्ठान में भीषण आग लगने से चार लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद घने बाजार के बीच लगी आग को बुझाया। इस दौरान आसपास के दुकानदारों में भी दहशत व्याप्त रही।
मोहल्ला दीवान परमानंद निवासी नवीन कुमार की बाजार कल्लूगंज में किराना की दुकान है। मंगलवार रात लगभग 11 बजे उनके प्रतिष्ठान में भीषण आग लग गई। अग्निशमन प्रभारी केएस जादौन के नेतृत्व में पहुंचे अग्निशमन कर्मचारियों मो. असलम, मनीष, नदीम, विजय, विजेंद्र ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही सीओ गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी दिनेश गौड़, इंस्पेक्टर क्राइम अर्जुन सिंह, एसएसआई राजीव चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे। बिजनौर से आए मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। किराना प्रतिष्ठान मालिक नवीन कुमार ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जानकारी दी। प्रतिष्ठान स्वामी ने करीब चार लाख रुपये का सामान जलकर राख होने की एसडीएम मनोज कुमार सिंह को जानकारी दी है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।