कब्र से निकाला विवाहिता का शव
नगीना। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज दहेज हत्या के मामले में जिलाधिकारी के आदेश पर कब्र से विवाहिता का शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कई माह बाद कब्र से निकाला गया मृतका का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि 16 जनवरी को न्यायालय के आदेश पर मोहल्ला मछली बाजार धामपुर निवासी मो. याकूब की तरफ से लिखे गए मुकदमे में कहा गया था कि उसकी बहन नाजमा खातून को उसके पति इफ्तेखार, सास अकीला, ससुर निसार अहमद, देवर तालिब व ननद शाहजहां निवासी मोहल्ला चौथ राना थाना नगीना दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। दो नवंबर 2021 को ससुराल पक्ष के लोगों ने नाजमा के ऊपर किसी धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर डाली और बिना सूचना दिए ही शव को सुपुर्द ए खाक भी कर दिया गया था। जिला अधिकारी के आदेश पर एसडीएम नगीना की मौजूदगी में बुधवार को मृतका नाजमा के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।