मंडावर। क्षेत्र के गांव में नवविवाहिता ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन जंगल गए हुए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। क्षेत्र के गांव मीरापुर खादर निवासी पंकज की शादी सात माह पूर्व नहटौर क्षेत्र के गांव नारायनी निवासी रतिराम सिंह की पुत्री कौशल से हुई थी। कौशल डेढ़ माह से मायके में रही थी। रविवार को ही वह मायके से ससुराल आई थी।
मंगलवार सुबह परिजन गंगा पार खेतों पर काम करने गए थे। कौशल का पति पंकज गन्ना क्रय केंद्र पर चौकीदार का काम करता है।
वह गन्ना सेंटर पर चौकीदारी के लिए चला गया। इस दौरान कौशल ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और छत के कुंदे में दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली। दोपहर के बाद कौशल की सास सुमंत्रा जंगल से वापस आई।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद देखकर उसने कुंदा खटखटाया। दरवाजा न खुलने पर उसने तेज आवाज लगाई। शोर सुनकर पड़ोसी भी एकत्र हो गए। दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए।
पड़ोसियों ने शव को फंदे से नीचे उतारा। इस दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पचौरी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लिया। पचौरी ने बताया कि मायके वालों को सूचना दे दी गई है। पचौरी के मुताबिक आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।