एक ही पंडाल में गूंजे वैदिक मंत्र और निकाह की आयतें
बिजनौर, नगीना। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत रविवार दोपहर 161 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंध गए। कोतवाली ब्लॉक प्रमुख तृप्ति राजपूत, ब्लाक प्रमुख पति व भाजपा नेता ठाकुर विकास राजपूत, भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अरविंद गहलोत व बीडीओ कोतवाली अंबरीश कुमार ने दंपतियों को आशीर्वाद दिया।
रविवार की दोपहर रामलीला बाग स्थित सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में विकास विभाग ब्लॉक कोतवाली व किरतपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कोतवाली ब्लॉक के 79 हिंदू व 17 मुस्लिम जोड़ों तथा किरतपुर ब्लॉक के 54 हिंदू 11 मुस्लिम जोड़ों का विवाह/ निकाह कराया गया। हिंदू जोड़ों का विवाह पूरे रीति-रिवाज से बिजनौर गायत्री परिवार से आए पंडित हुकुम सिंह, करण सिंह व राम गोपाल सिंह ने संपन्न कराया, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह गांव हेजरपुर से आए मोहम्मद शहबाज ने संपन्न कराया। ब्लाक प्रमुख तृप्ति राजपूत कहा कि सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत हर जोड़े को 35 हजार रुपये सीधे उनके खाते में तथा दस हजार रुपये का दहेज का सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया जाता है।
भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अरविंद गहलोत ने कहा की प्रदेश सरकार की इस जन कल्याणकारी योजना से अब निर्धन परिवारों को अपनी बेटी के विवाह के लिए कर्ज लेने की आवश्यकता नहीं रह गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी व देश की मोदी सरकार हर व्यक्ति के हित में जन कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने सभी पात्र लोगों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। इस मौके पर ठाकुर विकास राजपूत, बी डी ओ कोतवाली देहात अंबरीश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी बद्री विशाल, जयप्रकाश आर्य ,मनोज वालिया, भूपेंद्र चौहान, लक्ष्मण प्रजापति, ठाकुर रामपाल सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।