बिजनौर। दो दिन के कोरोना कर्फ्यू के बाद सोमवार को बाजार में भीड़ उमड़ पड़ी। कोरोना संक्रमण और मौत का किसी के चेहरे पर डर नजर नहीं आया। डाकघर चौराहे और मुख्य बाजार में भीड़ के चलते जाम लग गया। इसमें दो गज की दूरी का पालन तो नहीं हुआ। वहीं, काफी उपभोक्ता बिना मास्क के सड़कों पर घूमते रहे। ऐसे लोग खुद के साथ-साथ परिजनों व दूसरों की जिंदगी दांव पर लगा रहे हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जनता से बेवजह घर से बाहर न निकलने, दो गज की दूूरी का पालन करने तथा मास्क लगाने की अपील लगातार की जा रही है। दो दिन के कोरोना कर्फ्यू में शनिवार को तो लोग सड़कों पर दिखे थे। रविवार को ऐसा नहीं हुआ। दो दिन के बाद कोरोना कर्फ्यू खत्म हुआ तो बाजार में उम्मीद से ज्यादा भीड़ नजर आई। मुख्य बाजार, सिविल लाइन, शास्त्री चौक आदि में हर जगह भीड़ रही। मुख्य बाजार और मुख्य डाकघर चौराहे पर तो भीड़ की वजह से कई बार जाम भी लगा। कई लोग बिना मास्क के ही सड़कों पर घूमते रहे तो ज्यादातर लोगों ने मास्क की औपचारिकता ही पूरी की। बैंकों में रकम निकालने वालों की भीड़ लगी रही। एसडीएम विक्रमादित्य सिंह मलिक के अनुसार जनता कम से कम अपने और अपने परिजनों को संक्रमण से बचाने के लिए दो गज की दूूरी का पालन करें। मास्क अगर सही तरह से नहीं लगाएंगे तो उसे लगाने का कोई फायदा नहीं है। इस तरह की लापरवाही कर कोरोना महामारी से जंग नहीं जीती जा सकती है।