कोरोना पॉजिटिव आने के बाद बृहस्पतिवार को सूनी पड़ी धामपुर तहसील।
- फोटो : DHAMPUR
पंचायत चुनाव से लौटे तहसील के कई कर्मी संक्रमित
धामपुर। पंचायत चुनाव से लौटे राजस्व विभाग और तहसील के कई कर्मियों के संक्रमित होने से बृहस्पतिवार को अधिकारियों, वादकारियों, अधिवक्ताओं में हड़कंप मच गया। तहसीलदार के आदेश पर तहसील परिसर को सैनिटाइज कराने के बाद सील कर दिया गया है।
तहसीलदार आरसी चौहान का कहना है कि अभी तो चार कर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बाकी और कर्मियों ने कोरोना टेस्ट कराया है। तहसीलदार ने बताया कि जबसे वह पंचायत चुनाव को संपन्न कराकर लौटे है तबसे उनकी भी तबीयत ठीक नहीं है। उन्हें भी बुखार की शिकायत है। ऐसे में उन्होंने भी डाक्टर के परामर्श से अपने को भी आइसोलेट कर रखा है। उधर पंचायत चुनाव कराकर लौटे कई शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक भी बुखार, जुकाम और बदन दर्द से पीड़ित हैं। आदर्श शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर ऐसो. के जिलाध्यक्ष सुधीर चौहान ने कहा है कि जिले में दर्जनों से ज्यादा शिक्षामित्र बुखार से पीड़ित है। शिकायत करने के बाद भी बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी और प्रशासनिक अफसर कोई सुध नहीं ले रहे हैं।