धामपुर। कोटरा रजवाहे से निकला मनकुआ माइनर अब जल्द शुरू होगा। इस माइनर को धामपुर क्षेत्र में हरित क्रांति लाने को कोटरा रजवाहे से एक दशक से पहले निकाला गया था। सिंचाई विभाग की ओर से अवरोधों को दूर कर माइनर को चालू कराने के लिए नए सिरे से परियोजना को तैयार की गई है, जिसे मुख्य अभियंता समिति को भेजा गया है। मुख्य अभियंता समिति में पास होने पर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे मनकुआ माइनर के अब जल्द शुरू होने की उम्मीद जगी है। किसान गजेंद्र सिंह टिकैत, दुष्यंत राणा, रामकुमार सिंह, रघुवरीर सिंह जाट ने बताया कि एक दशक पहले कोटरा रजवाहे से इस माइनर को निकाला गया था। सरकार की मंशा थी कि इस माइनर के निकलने से धामपुर क्षेत्र में हरित क्रांति आएगी। सिंचाई के अभाव में फसलें बर्बाद नहीं होगी। किसानों का उत्थान होगा और अधिक पैदावार होने से देश की तरक्की होगी। लेकिन कुछ किसानों ने विरोध करते हुए जमीन को अधिग्रहीत नहीं होने दिया था। जिससे माइनर निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका था। अब फिर से किसानों ने इसे पूरा करने की मांग को उठाया है। चेताया है कि जल्द ही समस्या का निदान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता वीके शर्मा का कहना है कि विभाग स्तर से काम तेजी से चल रहा है। विभाग की ओर से नए सिरे से प्रोजेक्ट तैयार कर मुख्य अभियंता समिति के समक्ष पेश कर दिया गया है। मुख्य अभियंता समिति से पास होने के बाद शासन को भेजा जाएगा। जहां से धन का आवंटन होने के बाद माइनर के आ रहे अवरोधों को दूर कर माइनर के निर्माण को अंतिम छोर तक पूरा कराया जाएगा। किसानों को सिंचाई के लिए जल्द पानी उपलब्ध कराने का प्रयास होगा।