जलीलपुर ट्रैक्टर पर सवार गांववासी
बेगावाला। मालन नदी का जलस्तर बढ़ने से एक बार फिर टूटे तटबंध से पानी गांवों की ओर बहने लगा। बीती पांच अगस्त को खानजहांपुर बहादर और यूसुफपुर हमीद उर्फ हमीदपुर के बीच मालन का तटबंध करीब 50 मीटर टूट गया था। यह अभी ठीक भी नहीं हुआ था कि फिर से जलस्तर बढ़ गया और आसपास के गांवों में फिर से बाढ़ के हालात बन गए।
टूटे तटबंध से बह रहे पानी ने गांवों के रास्ते बंद कर दिए हैं। ब्रह्मपुरी में बाढ़ जैसे हालात हैं। गंगा और मालन का पानी बढ़ने के कारण ब्रह्मपुरी और रावली के बीच बने रपटे पर दो से तीन फीट ऊंचाई तक पानी बह रहा है। लोग अपने खाने की वस्तुओं और पशुओं के चारे के लिए भी तरस रहे हैं। ग्रामीण अभी पहले हुए जलभराव से निपट भी नहीं पाए थे कि फिर से वही हालात हो गए हैं।
बाकरपुर गढ़ी, खानजहांपुर बहादर, धारूवाला, मकसूदनपुर हफीज, मोहम्मदपुर मंडावली, सेवारामपुर, बड़कला गांवों में जलभराव हो गया है। बिजनौर-रावली रोड के ऊपर से पानी बह रहा है। मालन का पानी हेमराज और नवलपुर बंगाली कॉलोनी की ओर बढ़ रहा है। बुधवार सुबह स्कूल जा रहे छात्र-छात्राओं को पानी से बाहर जाना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि तटबंध की मरम्मत कराने में प्रशासन ने देरी कर दी। इसके चलते फिर से बाढ़ के हालात बन गए हैं। ग्रामीण प्रशासन ने जल्द तटबंध की मरम्मत कराने की मांग कर रहे हैं।
जलीलपुर ट्रैक्टर पर सवार गांववासी