‘गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जागरूक करें’
धामपुर। जिला प्रभारी मंत्री एवं व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि कोरोना महामारी से बचने और बचाने की हम सभी की जिम्मेदारी है। जनपद के प्रत्येक गांवों के निगरानी समितियों और ग्राम प्रधानों को कोरोना वायरस के संबंध में ग्रामीणों जानकारी और बचाव के लिए मुनादी कराने की अपील की।
सोमवार को वार्ता में राज्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी से बचने के लिए हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अपने घर के बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना है। बिना मास्क के घर से बाहर नहीं निकलना है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना है। राशन की दुकान, बैंक या कहीं भी भीड़ नहीं लगानी है। किसी को नौकरी से नहीं निकालना है। गांव या पड़ोस के जरूरतमंदों का ध्यान रखना है। उन्होंने कहा कि सभी को आरोग्य सेतू एप डाउनलोड कर एक्टिवेट करने की जरूरत है। बैंक, डाकघर, डाक्टर्स, स्टाफ नर्स, पुलिसकर्मी, सफाई कर्मचारियों का सम्मान करना है। राज्य मंत्री ने प्रधानों और गांवों में गठित निगरानी समितियों को निर्देशित किया है कि वह अपने गांवों में मुनादी करा दें, जिससे ग्रामीण कोरोना महामारी के प्रति जागरूक होकर लॉकडाउन का पालन करें।