‘हाईवे की जमीन को कब्जा मुक्त कराएं’
बिजनौर। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने एसओसी चकबंदी को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग-119 के अंतर्गत आने वाले भूमि से संबंधित अपने न्यायालय में विचारधीन वादों का शीघ्रता निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित भूस्वामियों को उनकी भूमि का मुआवजा उपलब्ध कराकर राजमार्ग के निर्माण की प्रगति को बढ़ाने की बात कही। उन्होंने संबंधित एसडीएम को निर्देशित किया कि जिनके क्षेत्रों में कब्जा नहीं छोड़ा है, उक्त भूमि को तत्काल कब्जा मुक्त करा कर राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को उपलब्ध कराएं।
सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर स्थित अपने कार्यालय कक्ष में नेशनल हाईवे-119 के निर्माण में आ रही समस्याओं के निराकरण संबंधी आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दे रहे थे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग बहुत महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे क्षेत्र के विकास को नए आयाम उपलब्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि उक्त परियोजना को पूर्ण मानक और निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाना आवश्यक है, ताकि क्षेत्रवासियों को भरपूर लाभ प्राप्त हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण में आ रही समस्याओं के समयपूर्वक और स्थायी निराकरण के लिए प्रति सप्ताह उनकी अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संबंधित एसडीएम, तहसीलदार के अलावा अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को निर्देश दिए की क्षतिग्रस्त बैराज रोड की तत्काल समुचित मरम्मत कराएं, ताकि सड़क दुर्घटना से बचाव हो सके और जाम की स्थिति से भी निजात हासिल हो सके। इस अवसर पर एसडीएम सदर विक्रमादित्य सिंह मलिक, नजीबाबाद एसडीएम ब्रिजेश कुमार सिंह, चांदपुर एसडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, धामपुर एसडीएम धीरज कुमार, पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता आयुष कुमार, प्रबंधक वरुण चारी के अलावा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।