बनैली नदी का जलस्तर बढ़ने से मुख्यमार्ग बंद
अफजलगढ़। भुतपुरी मार्ग पर नेशनल हाइवे के निकट गांव माननगर से होकर शाहपुर जमाल सहित दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बनैली नदी में जलस्तर बढ़ जाने के कारण मंगलवार को बंद हो गया। राहगीरों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने में अन्य मार्गों का सहारा लेना पड़ा।
गांव शाहपुर जमाल निवासी परवेंद्र सिंग, इंदर सिंह, राजपाल सिंह, सुरेश कुमार आदि ने बताया कि सोमवार से क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण शाहपुर जमाल के निकट से होकर वह रही बनैली नदी का जलस्तर बढ़ गया। अब राहगीरों को कई किमी की दूरी तय करके वाया सुआवाला से होकर गुजरना पड़ रहा है। नदी में करीब 3 से 4 फिट पानी आ जाने से किसानों को भी चारा लाने में परेशानी उठानी पड़ रही है, जान हथेली पर रखकर नदी पार कर रहे हैं। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि नदी में खनन करने की वजह से मुख्य मार्ग के निकट गहरा कुंड बन गया है, जो पूरी तरह से लबालब भरा हुआ है। नदी का जलस्तर बढ़ जाने से ग्रामीणों की नींद उड़ी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि लगातार ऐसी ही बारिश होती रही तो नदी में बाढ़ का खतरा मंडरा सकता है। उधर, पीली डैम जलाशय के जेई भानू प्रताप सिंह ने बताया कि जलाशय से कोई पानी नही छोड़ा गया है। जलाशय का जलस्तर मंगलवार को 831 फिट रिकॉर्ड किया गया है, जबकि जल भंडारण की क्षमता 843 फिट तक की है।
निकासी न होने से सड़क पर जलभराव
अफजलगढ़। क्षेत्र के गांव दल्लीवाला में सड़क किनारे पानी की निकासी न होने के कारण सारा पानी सड़क पर ही जमा हो गया है। दुकानदार अजय कुमार, देवराज सिंह, भारत सिंह, पुखराज सिंह, राजेश कुमार, वीर सिंह, श्याम सिंह, नितिन कुमार, धर्मवीर सिंह आदि ने बताया कि भूतपुरी के मेन तिराहे से डॉक्टर कालोनी की ओर जाने वाले मार्ग पर पानी की निकासी न हो पाने के कारण सड़क पर बारिश का दो से तीन फीट पानी भरकर भर गया है। उधर, भूतपुरी-जसपुर मार्ग पर जसपुर बस स्टेंड पर सड़क को ऊंची उठाने के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा सड़क पर पड़ी मिट्टी जी का जंजाल बनी हुई है। बरसात के पानी से सड़क पर डाली गई मिट्टी बहकर सड़क पर फैल गई है, जिससे सड़क पर कीचड़ फैल गई है। ग्रामीणों ने एसडीएम से जल्द सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।
बिजलीघर पर भरा पानी, कई गांवों की आपूर्ति ठप
शिवालाकलां। मंगलवार को तीन दिन से हुई बारिश से फीना बिजलीघर जलमग्न हो गया है। शिवालाकलां, फीना, आराजी भैंसा, सरक थल, रामपुर फूना, सिकंदरपुर, मझोला गुर्जर आदि गांव की आपूर्ति ठप हो गई है। अवर अभियंता सद्दाम अली ने बताया नूरपुर अमरोहा मार्ग के दोनों किनारे नाले बंद हैं। अधिक वर्षा होने के कारण जंगल का पानी गांव की ओर आ जाने से बिजलीघर में पानी अधिक आ गया है। पानी को बाहर निकालने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुचारु की जाए की जाएगी।
अफजलगढ़ के गांव शाहपुरजमाल मार्ग में पड़ने वाली नदी का जल स्तर बढ़ने से मार्ग हुआ बाधित।- फोटो : BIJNOR