बिजनौर में मिड-डे मिल ग्रहण करे के लिए अब बच्चों को घर से थाली व गिलास नहीं लाने होंगे। धन तेरस के दिन स्कूली बच्चों को थाली व गिलास वितरित किए जाएंगे। जिले में योजना का शुभारंभ राज्य मंत्री मूलचंद चौहान व सपा विधायक रुचिवीरा करेंगी।
शासन ने जिले के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मध्याह्न भोजन ग्रहण करने के लिए थाली व गिलास बांटने के आदेश दिए थे। अब छात्रों को भोजन ग्रहण करने के लिए घर से बर्तन नहीं लाने होंगे। जिला समन्वयक मिड-डे मील रासु कुमार ने बताया कि धामपुर में खनन मंत्री मूलचंद चौहान तथा बिजनौर के मोहल्ला मिर्दगान में सपा विधायक रुचि वीरा योजना का शुभारंभ करेंगी। इसकी तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि योजना के शुभारंभ के लिए जिन स्कूलों में पहले दिन बर्तन वितरित किए जाने हैं बृहस्पतिवार को बर्तन पहुंच गए हैं।
जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को सहयोग करने को कहा गया है, जिले के स्कूलों में आ रहे बर्तन का टेंडर भी शासन स्तर से ही किया गया था और शासन से दीपावली से पूर्व ही स्कूलों में थाली और गिलास पहुंचाने के आदेश दिए थे।