बिजनौर। विधानसभा में चांदपुर-बास्टा मार्ग का मसला फिर से गूंज उठा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सदन को इस सड़क के निर्माण का टेंडर होने की जानकारी दी। वहीं मजाकिया लहजे में चांदपुर विधायक स्वामी ओमवेश पर तंज भी कस दिया। बोले कि टेंडर हो चुका है, अब चकाचक करिए, वजन कम कर लिजिए...सड़क में गड्ढे कम पड़ेंगे।
चांदपुर से बास्टा तक जाने वाला मार्ग पिछले कई सालों से बदहाल था। पिछले काफी समय से इस मार्ग की मरम्मत राजनीतिक दांवपेंच भी उलझी रही। अब इस सड़क की बदहाली का मामला चांदपुर से सपा विधायक स्वामी ओमवेश ने फिर से उठाया। इस पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने मजाकिया लहजे और हंसते हुए जवाब दिया कि आपकी सड़क बन गई है, अब चकाचक करिए, सड़क का टेंडर हो चुका है। यह सड़क आपकी वजह से टूटी होगी। इसलिए वजन कम करिए, वजन कम रहेगा तो सड़क में गड्ढे कम पड़ेंगे। सब आज ही बोल देंगे और परसों क्या बोलेंगे। इस पर पूरे सदन में ठहाके लगने लगे। सीएम योगी आदित्यनाथ की उक्त वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। उधर इस सड़क का निर्माण करने के लिए शनिवार को काम भी लग गया। बता दें कि यह सड़क पहले तीन मीटर चौड़ी हुआ करती थी, जोकि पूरी तरह से बदहाल हो चुकी थी। अब इस सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर सात मीटर भी की जाएगी।
सीएम ने कहा और चांदपुर-बास्टा अहरौला मार्ग पर काम शुरू
बास्टा। चांदपुर बास्टा मानपुर अहरौला मार्ग का काम शुरू हो गया है। कई साल से सड़क पर गहरे गहरे गड्ढे बने हुए थे। शुक्रवार की शाम को जेसीबी मशीन से सड़क को उखाड़ना शुरु कर दिया है। सड़क के काम को देखकर क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
बता दें कि 15 दिन पहले सड़क का टेंडर हो गया था। कई दर्जन गावों का आवागमन इस मार्ग से होता है। भाकियू टिकैत गुट के नेता चांदपुर तहसील में धरने पर बैठकर इस सड़क को बनवाने की मांग कर रहे थे। क्षेत्र के नेता, समाजसेवी, व्यापारी, किसान इस सड़क को बनवाने की मांग कर रहे थे। बार-बार मांग करने पर मुख्यमंत्री ने 39 करोड़ रुपये से 16 किमी, सात मीटर चौड़ीकरण सड़क बनवाने की घोषणा की थी। इसकी घोषणा होने पर सांसद चंदन चौहान का क्षेत्र के लोगों ने फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया था। मुख्यमंत्री की वीडियो वायरल होते ही शुक्रवार शाम सड़क पर जेसीबी से सड़क को उखाड़ना शुरु कर दिया।