गुलदार की तलाश में जुटा वन विभाग
बिजनौर। पांच लोगों की जान लेने वाले गुलदार को वन विभाग ने तलाशना शुरू कर दिया है। वन विभाग की तीन टीम गुलदार की तलाश में लगाई गई हैं। गांव रतनपुर के पास टीम को गुलदार की लोकेशन मिली है। शुक्रवार सुबह मंडावर के रतनपुर व मोहंडिया गांव के जंगल में देखा गया है। डीएफओ और विभाग का स्टाफ वहां गुलदार की तलाश में जुट गया है। एक दो दिन में गुलदार की सटीक लोकेशन को देखकर उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा।
जिले में गुलदार के हमले में एक महिला और एक बालक सहित पांच लोगों की जान जा चुकी है। गुलदार के बढ़ते हमलों से वन विभाग अब उसे तलाशने में जुट गया है। वन विभाग का मानना है कि सभी मौत के लिए एक ही गुलदार जिम्मेदार है। वन विभाग अब इस गुलदार के पग मार्क लेने में लग गया है। कई जगह पर पग मार्क गांव वालों की भीड़ की वजह से नष्ट हो गए हैं। शुक्रवार सुबह गुलदार गांव रतनपुर और मोहंडिया के जंगल में फिर से दिखाई दिया। गांव वालों की सूचना पर वन विभाग की तीन टीम गांव में पहुंचीं।
डीएफओ डॉ. एम सेम्मारन के नेतृत्व में जंगल में गुलदार की तलाश की गई। एसडीओ इम्तियाज अली सिद्दीकी, रेंजर शरद गुप्ता, वन दरोगा जयपाल सिंह, फोरेस्ट गार्ड भोपाल सिंह गुलदार की तलाश में खेतों में कांबिंग करते रहे। वन विभाग की टीम गुलदार की लोकेशन के साथ-साथ चलेगी। देखा जाएगा की गुलदार कहां जा रहा है। गांव असगरपुर और दूसरी जगहों पर गुलदार के जो थोड़े बहुत पग मार्क मिले हैं, उनकी माप ली जा रही है। देखा जाएगा कि सभी घटनाओं को अंजाम देने वाला गुलदार एक ही है या नहीं। देखा जा रहा है कि गुलदार अब किस ओर जा रहा है। गुलदार की एकदम सटीक लोकेशन के आधार पर ही पिंजरा लगाया जाएगा। पिंजरे के आसपास ट्रैप्ड कैमरे भी लगाए जाएंगे। ट्रैप्ड कैमरों के पास कोई हरकत होते ही उसके फोटो कैमरों में कैद हो जाएंगे।
गुलदार दिखने से दहशत
गजरौलाशिव। गांव गजरौला, गढ़ी बगीची के पास भी जंगल में गुलदार देखा गया। गुलदार दिखने से गांव वालों में दहशत फैल गई। बृहस्पतिवार रात गांव तितरवाला के पास भी गुलदार देखा गया।