नजीबाबाद। आए दिन देर रात से कोहरा छाने से रेल और सड़क यातायात आंशिक रूप से प्रभावित हो रहा है। कोहरे के कारण लंबी दूरी की ट्रेन निर्धारित समय से करीब दो से तीन घंटा विलंब से पहुंच रहीं हैं।
मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है, लेकिन अचानक रात में छाने वाला कोहरा सवेरे तक काफी गहरा हो जाता है, जिससे रेल और सड़क यातायात आंशिक रूप से प्रभावित होता है। दो-तीन दिन से क्षेत्र में देर रात से ही कोहरा आ जाता है। सवेरे तक घना कोहरा रहने से लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनें में करीब दो घंटा से तीन घंटा विलंब से पहुंच रहीं हैं।
योगनगरी ऋषिकेश से प्रयागराज संगम के बीच संचालित एक्सप्रेस ट्रेन, देहरादून से सूबेदारगंज के बीच संचालित लिंक एक्सप्रेस, कोलकाता से जम्मूतवी के बीच संचालित सियालदाह एक्सप्रेस, जन सेवा एक्सप्रेस, जननायक एक्सप्रेस का दोनों दिशा से संचालन प्रभावित रहा। करीब डेढ़ से तीन घंटा विलंब से ट्रेन संचालित होने से लंबी दूरी के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, रातभर छाने वाले कोहरे के चलते सड़क यातायात भी देर रात से तड़के तक आंशिक रूप से प्रभावित हो रहा है।