भागूवाला/नजीबाबाद। भागूवाला-नांगल संपर्क मार्ग के दोनों ओर लगा कूड़े का अंबार ग्रामीणों और राहगीरों की परेशानी का सबब बन गया है। ग्रामीणों ने मार्ग के दोनों ओर लगे कूड़े के ढेर का हटवाने की मांग की है।
भागूवाला-नांगल संपर्क मार्ग क्षेत्र के आधा दर्जन गांव श्यामीवाला, काशीरामपुर, कोटसराय, आलमसराय, दहीरपुर, जलालपुर को जोड़ता है। भागूवाला निवासी रिजवान अहमद, लक्ष्मण सिंह, अतीक अहमद, सुशील, नफीस ने कहा कि इस संपर्क मार्ग से अधिक संख्या में ग्रामीणों का आवागमन होता है। उन्होंने कहा कि गांव के कुछ लोग मार्ग के दोनों ओर कूड़े के ढेर लगा रहे हैं। जिससे मार्ग पर फैली गंदगी और दुर्गंध से ग्रामीणों का वहां से गुजरना दूभर हो गया है। इसी मार्ग से जीआईसी भागूवाला के छात्र भी गुजरते हैं। ग्रामीणों ने जल्द भागूवाला-नांगल संपर्क मार्ग की सफाई कराने की मांग की है।
उधर, ग्राम पंचायत सचिव गौसिया अंसारी का कहना है कि पूर्व में मार्ग के दोनों ओर से कूड़ा हटवाया गया था, लेकिन समझाने के बाद भी ग्रामीण नहीं मान रहे। जल्द ही मार्ग से कूड़ा हटवा दिया जाएगा।