...आज का इंसा संभलता क्यों नहीं
नूरपुर। सामाजिक, सांस्कृतिक व साहित्यिक संस्था सत्य संकल्प के तत्वावधान में कवि गोष्ठी और मुशायरे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आए कवियों और शायरों ने अपने कलाम से श्रोताओं को खूब रिझाया। कार्यक्रम के दौरान बॉलीवुड फिल्म मुद्दा 370 में नगर के शायर शाहिद अंजुम द्वारा लिखे गीत को शामिल किए जाने पर उनका स्वागत किया गया।
शुक्रवार की रात मशहूर शायर व गीतकार शाहिद अंजुम के सम्मान में सरदार गुरचरण सिंह के आवास पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी दिनेशचंद्र शर्मा ने किया। शायर व गीतकार शाहिद अंजुम ने सुनाया, ‘जहां से अमन के पंछी उड़ान भरते हैं, उसी दरख़्त के पत्ते लगान भरते हैं’। कवि सरदार गुरचरण सिंह ने सुनाया, ‘आज का इंसा संभलता क्यों नहीं, वक्त के सांचे में ढलता क्यों नही, दूसरों की खुशनसीबी देखकर, दिल हमारा अब बदलता क्यों नहीं’। नबील मिकरानी ने सुनाया, ‘जो जुल्म करे उसकी सियासत नहीं रहती, जालिम की बहुत देर हुकूमत नहीं रहती’। रियाज हनफ़ी, यूसुफ कुरैशी, नफ़ीस परवेज अंसारी, अली अकरम ने भी कलाम पेश किए। कार्यक्रम का संचालन सरदार गुरचरण सिंह ने किया। प्रधानचार्य सुनीत प्रकाश त्यागी, पूर्व प्रधानचार्य राजपाल सिंह, जयपाल सिंह, सभासद हाजी शमीम अहमद, चौधरी तेजपाल सिंह, नवाब सिद्दीकी, जाहिद अल्वी, तालिब हुसैन, शाहरुख महमूद, जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक वीर प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।