अक्षम और भ्रष्ट पुलिसवालों की सूची होगी तैयार
बिजनौर। डीजीपी के 50 साल के शारीरिक रूप से अक्षम व भ्रष्ट पुलिस वालों की छंटनी के आदेश से जिले में ऐसे पुलिसवालों को खंगालना शुरू कर दिया है। अक्षम व भ्रष्ट पुलिस वालों की सूची तैयार की जाएगी।
शासन के निर्देश पर डीजीपी ने सूबे में भ्रष्ट व शारीरिक रूप से अक्षम 50 साल के पुलिसवालों को सेवानिवृत्त करने का निर्णय लिया है। हर जिले में ऐसे पुलिस वालों की 30 सितंबर तक सूची बनाने को कहा है। इनमें पुलिस कर्मियों से लेकर अधिकारी तक शामिल है। जिले में करीब 250 पुलिस वाले 50 साल से ज्यादा उम्र के हैं। सभी पुलिस वालों का चरित्र देखा जा रहा है। उनमें आरक्षी के अलावा मुख्य आरक्षी, सब इंस्पेक्टर, इंस्पेक्टर व अन्य अधिकारी शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सब इंस्पेक्टर तक के लिए जिला स्तर पर एसपी की अगुवाई में गठित कमेटी अनुमोदन करेगी। इसके ऊपर आईजी की कमेटी अनुमोदन करेगी। 50 साल के ऊपर के सभी पुलिस वालों का रिकार्ड खंगालने में पुलिस की टीम जुट गई है। शारीरिक रूप से अक्षम पुलिसवालों की अलग व भ्रष्ट पुलिस वालों की अलग सूची तैयार की जाएगी।