चिकित्सक के पॉजिटिव मिलने पर लाइफ लाइन हॉस्पिटल सील
बिजनौर। जिला मुख्यालय स्थित लाइफ लाइन हॉस्पिटल में कार्यरत चिकित्सक के कोरोना पॉजिटिव निकलने पर प्रशासन ने अस्पताल को सील करा दिया है। साथ ही अस्पताल स्टाफ को होम क्वारंटीन रहने के लिए निर्देशित किया गया है। संक्रमण की स्थिति जानने के लिए अस्पताल स्टाफ की भी सैंपलिंग कराई जाएगी।
बृहस्पतिवार रात लाइफ लाइन हॉस्पिटल में कार्यरत मोहल्ला मयूर विहार कॉलोनी निवासी एक चिकित्सक कोरोना पॉजिटिव निकला था। उसे रात में ही टीएमयू कोविड हॉस्पिटल मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया गया था। इसी दौरान इस मोहल्ले को भी प्रशासन ने सील करा दिया था। शुक्रवार को एसडीएम सदर बृजेश कुमार सिंह, क्वेक्स और पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी डा. एसके निगम आदि अधिकारी हॉस्पिटल पहुंचे और हॉस्पिटल को सील करा दिया। एसडीएम सदर ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को मोहल्ला मयूर विहार निवासी लाइफ लाइन हॉस्पिटल में काम करने वाले एक चिकित्सक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उन्होंने बताया कि अग्रिम आदेशों तक हॉस्पिटल सील ही रहेगा। अस्पताल के अन्य स्टाफ को क्वारंटीन रहने के लिए निर्देशित किया गया है। उनकीभी सैंपलिंग कराई जाएगी।