बिजनौर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में पहले दिन हिंदी का प्रश्नपत्र हुआ। पहली बार ओएमआर सीट पर प्रश्नों के उत्तर देने में अभ्यर्थियों को थोड़ी परेशानी हुई लेकिन अनुक्रमांक और अन्य कई जानकारी पहले से ही प्रिंट होने के कारण ज्यादा परेशानी से बचे रहे। छात्रों को केवल प्रश्नपत्र सीरीज और हस्ताक्षर करने थे। इसके अलावा जिन प्रश्नों के उत्तर दिए गए हैं उनका नंबर अंकित करना था। परीक्षार्थियों के कहना है कि प्रश्नपत्र बहुत आसान रहा। 20 प्रश्न तो बहुविकल्पीय थे, जिनमें नंबर नहीं कटते। इसके साथ ही लेखक और कवियों के जीवन परिचय भी आसान थे। इन प्रश्नों में अच्छे नंबर मिलने की उम्मीद है। केपीएस परीक्षा देकर केंद्र से बाहर आते हुए छात्राएं आपस में वार्ता कर खुशी दिखाई दी।
छात्रा सानिया का कहना है कि पद्यांश, गद्यांश बहुत आसान आए थे और उन्होंने सबसे पहले इन्हीं प्रश्न को हल किया है।
छात्रा वंशिका पाल ने बताया कि पेपर में संस्कृत गद्यांश का संदर्भ सहित हिंदी में अनुवाद किया है। अन्य प्रश्न भी आसान थे और पेपर अच्छा गया ।
छात्रा भूमिका ने बताया कि बहुविकल्पीय प्रश्न बहुत अच्छे थे और सभी में अच्छे अंक आएंगे। इसमें नंबर भी नहीं कटेंगे।
छात्रा संजना का कहना है कि पेपर हाथ में आते ही उन्होंने पढ़ा। सारे प्रश्न आसान थे और उनकी तैयारी के अंदर से ही आए थे।
छात्रा सानिया का कहना है कि प्रश्न पत्र पढ़ने के उपरांत उन्होंने सबसे पहले जीवनी के प्रश्न को हल किया। फिर प्रश्नों के उत्तर, निबंध, जीवन परिचय लिखा।